आज शुरू होगा चक्रधर समारोह का 40वां संस्करण,राज्यपाल करेंगे शुभारंभ

रायगढ़। रायगढ़ की सांस्कृतिक पहचान और अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चक्रधर समारोह का 40वां संस्करण कल 27 अगस्त से आरंभ होने जा रहा है। दस दिवसीय इस भव्य आयोजन में देश-प्रदेश के ख्यातिप्राप्त कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं और दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। समारोह का आयोजन 27 अगस्त से 5 सितम्बर तक प्रतिदिन शाम 7 बजे से जिला मुख्यालय स्थित रामलीला मैदान में किया जाएगा। वहीं स्थानीय लोक कलाकार रोजाना शाम 5 बजे से 6.30 बजे तक अपनी मनमोहक प्रस्तुतियाँ देंगे।
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि समारोह का शुभारंभ राज्यपाल रमेन डेका करेंगे। इसके लिए सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। पाँच हजार से अधिक क्षमता वाली दर्शकदीर्घा तैयार की गई है तथा कार्यक्रम के सुचारू संचालन हेतु अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही, जो लोग कार्यक्रम स्थल तक नहीं पहुँच पाएंगे, उनके लिए टीवी चैनलों पर सीधा प्रसारण की व्यवस्था की गई है।
राज्यपाल करेंगे शुभारंभ
राज्यपाल रमेन डेका 27 अगस्त को शाम 5.15 बजे सर्किट हाउस रायगढ़ पहुँचेंगे। वहाँ से शाम 6.30 बजे वे चक्रधर समारोह स्थल के लिए रवाना होंगे और शाम 7 बजे समारोह का विधिवत शुभारंभ करेंगे। कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस सांस्कृतिक महोत्सव का आनंद लें।
पहला दिन : डॉ. कुमार विश्वास होंगे आकर्षण का केंद्र
समारोह का पहला दिन गणेश वंदना से प्रारंभ होगा, जिसकी प्रस्तुति स्व. वेदमणि सिंह ठाकुर के शिष्यों द्वारा दी जाएगी। इसके बाद दिल्ली के पंडित राजेंद्र गंगानी कथक नृत्य प्रस्तुत करेंगे। शाम का मुख्य आकर्षण सुप्रसिद्ध कवि डॉ. कुमार विश्वास होंगे, जो अपनी ओजस्वी वाणी और काव्य पाठ से श्रोताओं को भावविभोर करेंगे। पहली बार इस मंच पर भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय से इंपैनल्ड लोक कलाकार तथा दक्षिण मध्य सांस्कृतिक केंद्र के कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियाँ देंगे।
दूसरा दिन : शास्त्रीय संगीत और नृत्य का संगम
28 अगस्त को शास्त्रीय संगीत और नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियाँ होंगी। इस दिन सुनील मानिकपुरी लोक कर्मा गायन, राजनंदिनी पटनायक ओडिसी, प्रियंका सलूजा कथक, डॉ. राखी रॉय भरतनाट्यम, पं. उदय कुमार मल्लिक शास्त्रीय गायन, वहीं देविका देवेंद्र मंगलामुखी और पूजा जैन कथक नृत्य से दर्शकों को लुभाएँगे।












