रायगढ़ में गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा, दो महिलाएं गिरफ्तार

रायगढ़ पुलिस ने शनिवार शाम गांजा तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस चौकी जोबी की टीम ने ग्राम कुर्रु में छापेमारी कर भारी मात्रा में गांजा जब्त किया और दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया।
62 पैकेट में 64 किलो गांजा बरामद
पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देश पर टीम ने ग्राम कुर्रु निवासी अनीता बाई अगरिया के घर पर कार्रवाई की। तलाशी में 62 पैकेट में भरा कुल 64 किलो 360 ग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत लगभग 6.40 लाख रुपये आंकी गई है। पूछताछ में अनीता ने कबूला कि यह माल ओडिशा से लाकर घर में छिपाया गया था और इसे ट्रेन के जरिए उत्तर प्रदेश भेजने की तैयारी थी।
गिरोह में शामिल अन्य सदस्य
अनीता ने पूछताछ में खुलासा किया कि गिरोह में सरस्वती साहू (रायगढ़), मनोज उर्फ छोटू साहू (रायगढ़) और लवकेश पांडे (उत्तर प्रदेश) भी शामिल हैं। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सरस्वती साहू को गिरफ्तार कर लिया। उसके मोबाइल से यह भी साबित हुआ कि वह तस्करी नेटवर्क से लगातार संपर्क में थी।
दो जेल भेजे, तीन अभी फरार
अनीता और सरस्वती दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। वहीं, गिरोह के अन्य तीन सदस्य—मनोज साहू, लवकेश पांडे और उसका एक साथी—अब भी फरार हैं। पुलिस ने उनकी तलाश तेज कर दी है और लगातार दबिश दी जा रही है।












