रायगढ़ : पालतू कुत्ते की डंडे से पिटाई का मामला थाने पहुंचा, आरोपी पर अपराध दर्ज

रायगढ़। चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के गोवर्धनपुर स्थित ग्रीन सिटी कॉलोनी में एक पालतू कुत्ते की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि आवारा कुत्तों के झुंड के साथ एक घर में घुसे लेब्राडोर नस्ल के पालतू कुत्ते को डंडे से पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, कॉलोनी निवासी राजेंद्र सिंह सिसोदिया, जो जिला यूनियन लघु वनोपज संघ में संविदा नियुक्ति पर उप प्रबंध संचालक पद पर कार्यरत हैं, ने अपने घर में लेब्राडोर डॉग पाल रखा है। सोमवार को वह ड्यूटी पर गए थे। उसी दौरान कुत्ता घर से बाहर निकलकर आवारा कुत्तों के साथ कॉलोनी में घूमते हुए प्रफुल्ल जायसवाल के घर पहुंच गया।
बताया जाता है कि कुत्तों का झुंड घर में घुसने पर प्रफुल्ल जायसवाल ने उन्हें भगाने की कोशिश की और इसी दौरान राजेंद्र सिंह के पालतू कुत्ते की डंडे से पिटाई कर दी। इससे कुत्ता बुरी तरह घायल हो गया। पड़ोसियों से सूचना मिलने पर राजेंद्र सिंह के बेटे सौरभ ने कुत्ते को घर लाकर पशु चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की शिकायत राजेंद्र सिंह सिसोदिया ने चक्रधरनगर थाना में दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी प्रफुल्ल जायसवाल के खिलाफ बीएनएस की धारा 325 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।












