रायगढ़ में पालतू डॉग की पिटाई का मामला, आरोपी पड़ोसी के खिलाफ FIR दर्ज

रायगढ़। जिले के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र स्थित ग्रीन सिटी कॉलोनी में पालतू डॉग की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। घटना में डॉग गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद मालिक ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
जानकारी के अनुसार, कॉलोनी निवासी राजेन्द्र कुमार सिंह सिसोदिया (65 वर्ष), जो जिला यूनियन लघु वनोपज संघ में संविदा पर उप प्रबंध संचालक के पद पर कार्यरत हैं, अपने घर में लेब्राडोर नस्ल का पालतू डॉग पालते हैं। सोमवार को डॉग अचानक घर से बाहर निकलकर कॉलोनी की दूसरी गली में चला गया, जहां कुछ आवारा कुत्ते मौजूद थे।
इसी दौरान पड़ोसी प्रफुल्ल जायसवाल घर से डंडा लेकर आया और आवारा कुत्तों के बीच मौजूद पालतू डॉग पर हमला कर दिया। इस हमले में डॉग गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर मालिक ने तुरंत उसे पशु चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया गया। हालांकि इलाज के बाद भी डॉग की हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना से आक्रोशित मालिक राजेन्द्र कुमार ने बुधवार को चक्रधर नगर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी प्रफुल्ल जायसवाल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।












