थाना छाल पुलिस की बड़ी कार्रवाई : महिला गांजा बेचते रंगेहाथ गिरफ्तार, 204 ग्राम मादक पदार्थ बरामद

रायगढ़ । नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना छाल पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा की बिक्री करने वाली एक महिला को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम चन्द्रशेखरपुर ऐडू स्थित राजस्थान होटल के पास एक महिला गांजा बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के निर्देशन पर उप निरीक्षक मदन पाटले अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर संदिग्ध महिला को पकड़ लिया।
गिरफ्तार महिला की पहचान रमला दुबे पति हीराधर दुबे, निवासी पटेलपारा, चन्द्रशेखरपुर ऐडू, थाना छाल, जिला रायगढ़ (छ.ग.) के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 204 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने महिला के खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक मदन पाटले, प्रधान आरक्षक शंभू पाण्डेय, आरक्षक भगवती लक्ष्मे, सतीश कुमार एवं महिला आरक्षक ऐमरेंसिया टोप्पो की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल ने नशे के कारोबारियों के खिलाफ इसी प्रकार कड़ी कार्यवाही जारी रखने के निर्देश दिए हैं।












