ढाई माह पहले युवक की हत्या, अब तक नहीं हुई गिरफ्तारी परिजनों ने एसपी से की न्याय की गुहार

रायगढ़। जिले में करीब ढाई महीने पहले सामने आए एक हत्या के मामले में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से मृतक परिजन न्याय के लिए दर-दर भटक रहे हैं। इस मामले में मृतक के पिता ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
क्या है मामला
बरलिया निवासी जगदीश सारथी ने बताया कि उसका पुत्र शिवनारायण सारथी (30) एनटीपीसी लारा में रेलवे पेट्रोलिंग मैन के पद पर कार्यरत था। 30 जून की सुबह वह ड्यूटी पर निकला था। इसी दिन उसके सहकर्मी केतन यादव ने फोन पर सूचना दी कि शिवनारायण की हत्या हो गई है।
सूचना पर परिजन घटनास्थल पहुंचे तो देखा कि शिवनारायण का शव रेलवे ट्रैक किनारे नाली में पड़ा हुआ है। सिर, पीठ और गले पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे स्पष्ट था कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई है।
पुलिस कार्रवाई पर सवाल
घटना की जानकारी मिलने पर तमनार पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। इसके बाद हत्या का मामला दर्ज भी किया गया, लेकिन पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आज तक पुलिस न तो आरोपी को पकड़ पाई है और न ही उसकी खोजबीन में गंभीरता दिखा रही है।
परिजनों की मांग
हत्या के करीब ढाई महीने गुजर जाने के बाद भी जांच में कोई ठोस प्रगति न होने से आक्रोशित परिजनों ने एसपी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर शीघ्र आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए।
पुलिस का पक्ष
फिलहाल, पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित पक्ष को मामले की जांच तेज करने और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।












