रायगढ़ में नवरात्रि की धूम : लालकिला और बद्रीनाथ मंदिर की थीम पर बन रहे आकर्षक पंडाल

रायगढ़। नवरात्रि पर्व को लेकर रायगढ़ शहर में तैयारियां जोरों पर हैं। दुर्गा पंडालों के लिए बांस के स्ट्रक्चर खड़े हो चुके हैं और इस बार श्रद्धालु अलग-अलग थीम पर आधारित भव्य पंडालों के दर्शन कर सकेंगे। शहर में हर साल की तरह इस बार भी करीब 20 से अधिक जगहों पर छोटे-बड़े दुर्गा पंडाल बनाए जा रहे हैं, जिन पर समितियों द्वारा लाखों रुपए खर्च किए जा रहे हैं।
लालकिला थीम पर पंडाल
दक्षिण चक्रधर अतरमुड़ा समिति की ओर से अंबेडकर प्रतिमा के पास इस बार लालकिला थीम पर पंडाल तैयार किया जा रहा है।
समिति के अध्यक्ष आशीष ताम्रकार ने बताया कि पंडाल बेहद आकर्षक होगा। इसके साथ ही यहां ‘ऑपरेशन सिंदूर’ प्रोजेक्ट भी चलेगा। श्रद्धालुओं के लिए उपहार प्रतियोगिता रखी गई है, जिसमें रसीद कटवाने के बाद विजेताओं को आकर्षक इनाम दिए जाएंगे।
बद्रीनाथ मंदिर की थीम पर पंडाल
चक्रधर नगर चौक पर इस बार 38वां साल दुर्गा पूजा मनाया जाएगा।
दुर्गोत्सव समिति के पदाधिकारी अरुण उपाध्याय ने बताया कि पंडाल बद्रीनाथ मंदिर की थीम पर तैयार हो रहा है। इसके साथ ही पूरे पंडाल और चौराहे पर आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था होगी। सप्तमी, अष्टमी और नवमी पर श्रद्धालुओं के लिए भंडारा प्रसाद का वितरण भी होगा।
55 फीट का भव्य पंडाल
मित्रकला समिति, गांधी गंज की ओर से इस बार दुर्गा पूजा का 65वां वर्ष मनाया जा रहा है।
समिति के गोपाल बपोड़िया ने बताया कि यहां 55 फीट ऊँचा और 50 फीट चौड़ा पंडाल तैयार हो रहा है। इस बार पंडाल साधारण मंदिर की थीम पर बनाया जा रहा है, जिस पर करीब 4 लाख रुपए खर्च किए जा रहे हैं। पंडाल बनाने के लिए कारीगर कोलकाता से बुलाए गए हैं, जो इसे भव्य स्वरूप दे रहे हैं।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
दुर्गा समितियों ने बताया कि सप्तमी, अष्टमी और नवमी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में सुरक्षा को लेकर हर पंडाल में CCTV कैमरे लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही समिति के सदस्य और पुलिस जवान भी तैनात रहेंगे, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।












