थाने से कुछ ही दूरी पर कार चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला मुख्यालय में कार चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हैरानी की बात यह है कि चोरी की यह घटना सिटी कोतवाली थाने से महज कुछ ही दूरी पर हुई और पूरा घटनाक्रम वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर के सामने से गायब हुई कार
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी कुलदीप शर्मा ने बताया कि दिनांक 23 सितंबर की रात करीब 9 बजे उन्होंने अपनी कार स्विफ्ट डिज़ायर (क्रमांक CG 13 UG 9902) घर के सामने खड़ी की थी और अंदर चले गए थे। करीब आधे घंटे बाद जब वे बाहर आए तो देखा कि कार जिस जगह खड़ी थी, वहां से गायब है।
CCTV फुटेज में कैद चोरी
काफी खोजबीन के बावजूद कार का कोई पता नहीं चल पाया। बाद में जांच में सामने आया कि कार चोरी की घटना पास के CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में स्पष्ट दिखाई देता है कि रात 9 बजे के आसपास हल्की बारिश के बीच महज 2 मिनट के भीतर एक शख्स सड़क किनारे खड़ी कार का ताला तोड़कर बड़े आराम से उसे लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने दर्ज किया अपराध
घटना की रिपोर्ट सिटी कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 303 (2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है और कार व आरोपी की तलाश में जुट गई है।






