जिले में 8 अक्टूबर तक मनाया जाएगा कुष्ठ जागरूकता सप्ताह

शासन के निर्देश पर और कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिले में 8 अक्टूबर तक कुष्ठ जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत चलाया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में कुष्ठ रोग से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना, रोग की शीघ्र पहचान करना और रोगियों को पूर्ण उपचार के लिए प्रेरित करना है।
जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. टी.जी. कुलवेदी ने जानकारी दी कि कुष्ठ रोग पूरी तरह से उपचार योग्य है। यदि समय पर लक्षणों की पहचान कर इलाज शुरू किया जाए, तो मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो सकता है।
इसी कड़ी में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर हुई, जिसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों को कुष्ठ उन्मूलन की शपथ दिलाई गई।
अवसर पर डॉ. सुमित मंडल, डीपीएम सुश्री रंजना पैंकरा, डॉ. सोनाली मेश्राम, हरदेव सिंह राजपूत समेत विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।












