दशगात्र कार्यक्रम में गए किसान के सूने घर को चोरों ने बनाया निशाना, लाखों के जेवरात और एटीएम कार्ड पर हाथ साफ

रायगढ़ । पुसौर थाना क्षेत्र के बाघाडोला गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब एक किसान के घर में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर लाखों रुपए के जेवरात चोरी कर लिए। घटना उस वक्त हुई जब किसान परिवार सहित रिश्तेदारी में दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गया हुआ था।
मिली जानकारी के अनुसार, बाघाडोला निवासी नरेंद्र देहरी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह 3 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे अपने घर में ताला लगाकर भांजी के ससुर के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने हमीरपुर गया था। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जब वह घर लौटा, तो देखा कि मुख्य दरवाजे के ताले की कुंडी टूटी हुई है।
अनहोनी की आशंका के चलते जब वह अंदर पहुंचा, तो घर का नजारा देखकर दंग रह गया। कमरे का सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली हुई थी। जांच करने पर पता चला कि चोरों ने अलमारी में रखे सोने का हार, दो जोड़ी झुमके, सोने का मंगलसूत्र, चांदी की पायलें और अन्य कीमती जेवर समेत कुल 1 लाख 35 हजार रुपए मूल्य का सामान चोरी कर लिया है।












