धरमजयगढ़ में हाथियों का तालाब में नहाने का मनमोहक नजारा, ग्रामीणों ने कैमरे में कैद किया दुर्लभ दृश्य

रायगढ़ । छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल से वन्यजीव प्रेमियों के लिए एक अद्भुत दृश्य सामने आया है। यहां ग्रामीणों ने हाथियों के झुंड को तालाब में मस्ती करते हुए देखा और इस दुर्लभ पल को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। यह नजारा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम हाथियों का एक झुंड जंगल से निकलकर तालाब की ओर पहुंचा और वहां उतरकर पानी में खेलने लगा। झुंड में शामिल बड़े हाथियों के साथ उनके शावक भी थे, जो तालाब में खूब मस्ती कर रहे थे। कुछ हाथी अपनी सूंड से पानी भरकर एक-दूसरे पर उछाल रहे थे, जबकि कुछ खेलते हुए धक्का-मुक्की करते नजर आए।
ग्रामीणों ने बताया कि झुंड सुबह के समय ही तालाब के पास पहुंच गया था और लंबे समय तक वहीं ठहरकर पानी में नहाता रहा। ग्रामीणों ने सुरक्षित दूरी बनाकर इस मनोरम दृश्य का आनंद लिया और वीडियो रिकॉर्ड किए।
वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग हाथियों की सहजता और प्राकृतिक सुंदरता की जमकर सराहना कर रहे हैं। वन विभाग ने भी क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए रखी है और ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील की है।












