रायगढ़ के पुसौर में 10 नए विकास कार्यों की मिली सौगात, 7.80 करोड़ की लागत से होंगे निर्माण

रायगढ़ जिले के नगर पंचायत पुसौर में विकास कार्यों को रफ्तार देने के लिए सरकार ने बड़ी पहल की है। यहां कुल 10 नए निर्माण कार्यों के लिए 7 करोड़ 80 लाख 70 हजार रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। वहीं, हाल ही में पूर्ण हुए 2 करोड़ 27 लाख रुपए से अधिक की लागत वाले कार्यों का लोकार्पण किया गया।
सोमवार को नगर पंचायत परिसर में आयोजित लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और वित्त मंत्री ओपी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, जिला भाजपा अध्यक्ष अरुणधर दीवान, पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष मानी सतपथी, सीएमओ ललित साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार नगर पंचायतों के सर्वांगीण विकास के लिए बिना किसी देरी के बजट मुहैया करा रही है। वहीं, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि “विकास ही हमारी राजनीति का केंद्र है। कांग्रेस शासनकाल में जहां नगर पंचायतें संसाधनों की कमी से जूझती थीं, वहीं भाजपा सरकार हर गली-मोहल्ले तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।”
कार्यक्रम में 10 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया, जिनमें रानीसागर तालाब का सौंदर्यीकरण (86.40 लाख), पुसौर चिकित्सालय से गांधी चौक तक सौंदर्यीकरण (51 लाख), बोरोडीपा से कॉलेज रोड तक सड़क निर्माण (4 करोड़ 8.58 लाख) और विभिन्न मोहल्लों में नाली-सड़क निर्माण (26.79 लाख) जैसे कार्य शामिल हैं।
इसके अलावा लगभग 5 करोड़ रुपए की लागत से पूरे किए गए कई महत्वपूर्ण कार्यों का लोकार्पण भी किया गया। इनमें जल आवर्धन पंप हाउस के पास 10 कॉम्प्लेक्स (30 लाख), बाजार चौक के समीप अटल परिसर (19.78 लाख), पेट्रोल पंप के सामने कॉम्प्लेक्स (48.84 लाख), वार्ड-15 में बॉक्स क्रिकेट एलईडी लाइट (20.33 लाख) और बैडमिंटन कोर्ट निर्माण (8.71 लाख) जैसे कार्य शामिल हैं।
सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं से पुसौर नगर पंचायत के बुनियादी ढांचे में तेजी से सुधार होगा और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।












