रायगढ़ में फिर मचाया हाथियों ने कहर, 53 किसानों की फसलें रौंदीं

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में हाथियों ने एक बार फिर तबाही मचाई है। बुधवार रात (8 अक्टूबर) को जंगल से निकले हाथियों के झुंड ने कई गांवों में किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया। बताया जा रहा है कि जिले के 53 किसानों की फसलें हाथियों ने रौंद दीं, जिसमें सबसे अधिक नुकसान धरमजयगढ़ वन मंडल के कापू रेंज में हुआ है।
जानकारी के अनुसार, घरघोड़ा रेंज के छर्राटांगर में हाथियों ने दो किसानों की धान की फसल और मकान को भी क्षति पहुंचाई। वहीं कापू रेंज के ठाकुरपोड़ी, नारायणपुर और कमरई में 43 किसानों की फसलें बर्बाद हुई हैं। बाकारूमा रेंज के रैरूमा और चिडोडीह में 7 किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा, जबकि छाल रेंज के तेंदुमुड़ी में एक किसान की फसल हाथियों ने रौंदी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाथियों का झुंड दिन में जंगलों में आराम करता है और रात के अंधेरे में भोजन की तलाश में गांवों के खेतों की ओर निकलता है। नुकसान पहुंचाने के बाद हाथियों का मूवमेंट कोरबा वन मंडल की ओर देखा गया है।
जिले में अब भी 65 हाथी सक्रिय
वर्तमान में रायगढ़ जिले के दो वन मंडलों में करीब 65 हाथी विचरण कर रहे हैं, जिनमें 28 नर, 23 मादा और 14 शावक शामिल हैं। इनमें से 42 हाथी धरमजयगढ़ वन मंडल और 23 हाथी रायगढ़ वन मंडल में मौजूद हैं।
वन विभाग की सतर्कता बढ़ी
वन विभाग ने हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए हाथी मित्र दल और वनकर्मियों की टीम को सक्रिय कर दिया है। विभाग की ओर से प्रभावित गांवों में मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है। लोगों से अपील की गई है कि वे अकेले जंगल की ओर न जाएं और हाथियों की सूचना तुरंत वन विभाग को दें।












