रायगढ़ में मामूली विवाद पर दो भाइयों ने ग्रामीण की पिटाई की, दोनों पक्षों ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट

रायगढ़, 23 अक्टूबर: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मामूली बात पर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो भाइयों ने मिलकर एक ग्रामीण की डंडे, लात-घूसों और ईंट से पिटाई कर दी, जिससे उसका सिर फट गया। घटना पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम सुटूपाली की है।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीण भूपेंद्र जोशी (34 वर्ष) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि बुधवार को वह गाय चराने जा रहा था। रास्ते में ध्रुवलेश्वर की दुकान पर सामान लेने के दौरान अंकित गुप्ता साइकिल पर खड़ा था। भूपेंद्र ने उसे रास्ते से हटने को कहा, जिस पर अंकित ने इनकार करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर उतर आया।
थोड़ी ही देर में उसका भाई अमित गुप्ता भी मौके पर पहुंच गया और दोनों ने मिलकर भूपेंद्र की जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि दोनों ने वहां पड़ी ईंट से भूपेंद्र के सिर पर वार किया, जिससे वह घायल हो गया। बीच-बचाव करने पर भी अंकित ने डंडे से फिर हमला किया। बाद में ग्रामीणों ने दोनों पक्षों को अलग किया और घायल भूपेंद्र को अस्पताल पहुंचाया।
वहीं, घटना के बाद अंकित गुप्ता ने भी पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसका कहना है कि पटाखा फोड़ने की बात को लेकर भूपेंद्र ने उसे गाली दी और जान से मारने की धमकी देते हुए ईंट से हमला किया।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।












