रायगढ़ में उज्ज्वला योजना 2.0: 5 हजार नए LPG कनेक्शन वितरित किए जाएंगे

रायगढ़ । केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ को उज्ज्वला योजना के तहत नए LPG कनेक्शनों का नया लॉट आवंटित किया है। करीब तीन साल बाद जिले में 5,105 नए कनेक्शन बांटने का लक्ष्य रखा गया है। इस योजना के तहत केवल उन महिलाओं को कनेक्शन मिलेगा जिनके पास पहले से एलपीजी कनेक्शन नहीं है। पहले आवेदन करने वाले हितग्राहियों की प्रक्रिया पूरी करने के बाद नए आवेदन लिए जाएंगे।
कलेक्टर ने योजना की समीक्षा और आगे की प्रक्रिया को लेकर बैठक बुलाई थी, लेकिन तीनों प्रमुख कंपनियों – भारत पेट्रोलियम, इंडियन ऑयल और हिंदुस्तान पेट्रोलियम – के रायगढ़ सेल्स अफसर बैठक में उपस्थित नहीं हुए। इसके बावजूद योजना के तहत जिले में नए कनेक्शन बांटने का काम शुरू किया जाएगा।
खाद्य विभाग ने उज्ज्वला योजना 2.0 के तहत पहले बांटे गए कनेक्शनों की वर्तमान स्थिति और एक्टिव कनेक्शनों का डाटा कंपनियों से मांगा है। कंपनियों को निर्देश दिए गए हैं कि योजना का लक्ष्य पूरा करने के लिए वह समयबद्ध तरीके से काम करें और नए कनेक्शन वितरित करें।












