बिलासपुर रेल हादसे का असर रायगढ़ में भी, कई ट्रेनें रोकी गईं

रायगढ़। बिलासपुर रेल मंडल में हुई ट्रेन दुर्घटना का प्रभाव अब रायगढ़ तक दिखने लगा है। सुरक्षा एहतियात के तौर पर रायगढ़ रेलवे स्टेशन में दुरंतो एक्सप्रेस और हीराकुंड एक्सप्रेस को रोक दिया गया है। वहीं कोतरलिया स्टेशन पर साउथ बिहार एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें लंबे समय से खड़ी हैं, जिसके चलते यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। अचानक ट्रेन संचालन बाधित हो जाने से कई यात्री प्लेटफॉर्म और कोचों में ही रुके हुए हैं और लगातार ट्रेनों की आवाजाही सुचारू होने की जानकारी ले रहे हैं।
रेल प्रशासन के अनुसार, दुर्घटना स्थल पर राहत और बहाली कार्य तेजी से जारी है। तकनीकी टीम और सुरक्षा दल ट्रैक को दुरुस्त करने में लगे हुए हैं ताकि प्रभावित रेल मार्ग को जल्द से जल्द पुनः शुरू किया जा सके। अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
बीच रायगढ़ स्टेशन में यात्रियों के लिए पानी, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर विश्वास न करें और केवल रेलवे द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा रखें। प्रशासन का कहना है कि हालात सामान्य होते ही ट्रेनों का संचालन चरणबद्ध तरीके से बहाल कर दिया जाएगा।












