रायगढ़ : सहायक संचालक के सूने घर में बड़ी चोरी, करीब 4.90 लाख की नगदी व जेवरात पार

रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने छत्तीसगढ़ राज्य संपरीक्षा वित्त विभाग में सहायक संचालक के घर से नगद राशि और सोने-चांदी के जेवरात मिलाकर लगभग 4 लाख 90 हजार रुपए का सामान चोरी कर लिया।
इलाज के लिए परिवार गया था रायपुर
जानकारी के अनुसार, ग्राम मुड़ागांव निवासी सुमित साहू (28 वर्ष) इंद्रावती भवन, नया रायपुर में सहायक संचालक के पद पर कार्यरत हैं। शनिवार को वे अपनी मां व पिता के साथ रायपुर इलाज के लिए गए थे, इस दौरान घर पूरी तरह खाली था।
टूटा दरवाज़ा, उखड़े ताले
रविवार देर रात चोरों ने घर के पीछे वाले दरवाजे को तोड़कर प्रवेश किया। सुबह पड़ोसन पुष्पा बारिक ने घर का दरवाजा टूटा देख फोन पर सूचना दी। वापस लौटकर परिवार ने देखा कि कमरे और अलमारी के ताले टूटे पड़े थे। अलमारी से डेढ़ लाख रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवरात गायब थे।
पुलिस ने की मौके पर जांच
सूचना के बाद लैलूंगा पुलिस टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे और जांच की। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भादवि की धारा 457, 380 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है और तलाश तेज कर दी है।












