भाई की तलाश में रायगढ़ में बैठा धरना, झारखंड की युवती और मां ने लगाया कार्रवाई न होने का आरोप

रायगढ़। अपने लापता भाई की खोज की मांग को लेकर झारखंड की एक युवती अपनी मां के साथ बुधवार सुबह से ही रायगढ़ में गांधी प्रतिमा के नीचे धरने पर बैठ गई। युवती का आरोप है कि ट्रक फायनेंस और उधारी के विवाद के चलते कुछ लोगों ने उसके भाई को प्रताड़ित करने के बाद गायब कर दिया है। तीन माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस जांच आगे नहीं बढ़ी, जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।
मिली जानकारी के अनुसार, झारखंड के गढ़वा जिले के पोटमा गांव निवासी कालिंदी कुमारी ने सिटी कोतवाली में अपने भाई अशोक राम की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बताया गया कि अशोक ट्रक चलाता था और रायगढ़ में एक खदान में काम कर रहा था। किश्त भुगतान में दिक्कत आने पर उसने करीब तीन लाख रुपये परिचितों से उधार लिए थे। बाद में उसने उधारी की रकम लौटा दी, लेकिन आरोप है कि ब्याज के नाम पर उसे लगातार प्रताड़ित किया गया और दबाव बनाकर उसकी जमीन भी अपने नाम करा ली गई।
सितंबर माह से अशोक का कोई पता नहीं है। परिवार का कहना है कि पुलिस ने सिर्फ शिकायत दर्ज की, लेकिन जांच में कोई प्रगति नहीं हुई। इस पर युवती ने कलेक्टर के जनदर्शन में भी आवेदन देकर भाई की खोज और आरोपितों पर कार्रवाई की मांग की थी, जहां उसे एसपी से मिलने की सलाह दी गई।
बुधवार को कालिंदी अपनी मां के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची, लेकिन एसपी से मुलाकात न होने पर दोनों वहीं गांधी प्रतिमा के पास धरने पर बैठ गईं। हैरानी की बात यह रही कि पूरे दिन कोई पुलिस अधिकारी उनसे मिलने नहीं पहुंचा। देर शाम कोतवाली पुलिस टीम पहुंची और ठंड व रात का हवाला देते हुए दोनों को समझाकर धर्मशाला में ठहरवा दिया।
कालिंदी कुमारी ने कहा कि—
“जब तक मेरे भाई का पता नहीं चलता और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, मैं धरना जारी रखूंगी।”












