महिला व्याख्याता के घर चोरी: अलमारी से 12 लाख 27 हजार के जेवर-नगद गायब

रायगढ़। चक्रधरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गुलमोहर कॉलोनी में रहने वाली एक महिला व्याख्याता के घर से चोरों ने अलमारी में रखे नगदी और सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इस घटना में कुल 12 लाख 27 हजार रुपए के सामान के पार होने की जानकारी सामने आई है। मामले की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुलमोहर कॉलोनी निवासी प्रमिला शर्मा पति विजय शर्मा (उम्र 58 वर्ष) व्याख्याता के पद पर कार्यरत हैं। कुछ समय पहले उन्होंने अपना पुराना मकान बेचा था। उसी से प्राप्त राशि में से 4 लाख रुपए नगद, सोने के 3 सिक्के (प्रत्येक 10-10 ग्राम), एक 20 ग्राम का सोने का सिक्का एवं दो तोला सोने का हार उन्होंने अपने घर की अलमारी में सुरक्षित रखा था।
बताया गया कि 22 अक्टूबर को अन्नकूट के अवसर पर प्रमिला शर्मा ने अलमारी की जांच की थी, उस समय सभी सामान सुरक्षित था। किंतु रविवार की रात जब उन्होंने अलमारी खोली तो उसमें रखा नगद और जेवरात गायब थे। यह देखकर वह दंग रह गईं। उन्होंने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, मगर कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद उन्होंने चक्रधरनगर थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।
चक्रधरनगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चोर के विरुद्ध बीएनएस की धारा 305 (ए) एवं 331 (4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और मामले की तफ्तीश प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य संभावित सुरागों के माध्यम से आरोपी की तलाश में जुटी है।












