आइपीएस डॉ.संतोष कुमार सिंह की पुस्तक ‘संयुक्त राष्ट्र के शांति सुदृढ़ीकरण प्रयास’हुई प्रकाशित…

सिंहघोष/रायपुर-09.11.24-रायपुर पुलिस मुख्यालय में डीआइजी पदस्थ,आइपीएस डॉ.संतोष कुमार सिंह की किताब ‘संयुक्त राष्ट्र के शांति सुदृढ़ीकरण प्रयास’ का प्रकाशन दिल्ली से किया गया है। इस अवसर पर डा.सिंह ने अपनी पुस्तक की प्रति प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय,विधानसभा अध्यक्ष डा.रमन सिंह और डीजीपी अरुण देव गौतम को भेंट की।
डा.सिंह की यह किताब अंतरराष्ट्रीय संबंधों के उस महत्वपूर्ण पक्ष को रेखांकित करती है जहां संयुक्त राष्ट्र (यूएन) केवल शांति-रक्षा या शांति-स्थापना तक सीमित नहीं रह गया, बल्कि अब शांति-निर्माण या सुदृढ़ीकरण की दिशा में ठोस कदम बढ़ा रहा है। किताब में विस्तार से बताया गया है कि शीत युद्ध के बाद 21वीं सदी में हिंसाग्रस्त देशों में स्थायी शांति स्थापित करने के लिए यूएन पीसबिल्डिंग कमीशन की भूमिका कितनी निर्णायक बन गई है।
डा.सिंह ने अपनी पुस्तक में विभिन्न देशों में चल रहे शांति अभियानों की नीतियों, संरचनाओं और चुनौतियों का गहन विश्लेषण किया है। किताब न केवल संयुक्त राष्ट्र के शांति मिशनों की आलोचनात्मक विवेचना प्रस्तुत करती है बल्कि यह भी बताती है कि इन अभियानों के जरिए विश्व समुदाय किस प्रकार शांति को दीर्घकालिक और स्थायी स्वरूप देने का प्रयास करा रहा है। किताब के विषयवस्तु में यह स्पष्ट किया गया है कि संयुक्त राष्ट्र का ‘पीसबिल्डिंग’ मिशन गृहयुद्ध से जूझ रहे और संघर्षग्रस्त देशों में लोकतांत्रिक संस्थाओं के निर्माण मानवीय सहायता,सामाजिक पुनर्निर्माण और प्रशासनिक स्थिरता की दिशा में कार्यरत है।






