घरघोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मवेशी चोरी के आरोपी को रायगढ़ से किया गिरफ्तार, बकरियों को काटकर बेचने की बात कबूली

पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन में रायगढ़ जिले में आपराधिक गतिविधियों पर लगातार सख्त निगरानी रखी जा रही है। इसी कड़ी में घरघोड़ा पुलिस ने मवेशी चोरी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को रायगढ़ शहर से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की गई बकरियों को काटकर मांस के रूप में बेचने की बात स्वीकार की है।
मामला ग्राम अमलीडीह निवासी किसान किशन राठिया (24 वर्ष) का है, जिसने थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके 25 बकरी-बकरों में से 3 बकरियां और 1 बकरा चोरी हो गए हैं। घटना 2 से 3 नवंबर 2025 की रात की है, जब किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके घर के कोठा का दरवाजा तोड़कर लगभग 40,000 रुपये मूल्य के मवेशी चुरा लिए।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद घरघोड़ा पुलिस ने अपराध क्रमांक 301/2025, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान रायगढ़ शहर के मोह. नावेद अली (29 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 10, चांदमारी, पॉवर हाउस के सामने के रूप में की।
पुलिस ने आरोपी को रायगढ़ से अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की गई बकरियों को काटकर चिल्हर में बेचने की बात स्वीकार की। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त होंडा साइन मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-13-AR-8463) जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी को अपराध और गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराते हुए 11 नवंबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
घरघोड़ा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई में निरीक्षक कुमार गौरव साहू, सहायक उपनिरीक्षक खेमराज पटेल, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक हरीश पटेल और उधोराम पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम के कार्य की सराहना की है।












