वोटर पहचान व नागरिकता जांच दिशानिर्देशों पर जिला कांग्रेस की विस्तृत बैठक

रायगढ़। जिला कांग्रेस भवन में शुक्रवार को आयोजित विशेष बैठक में चुनाव आयोग द्वारा जारी मतदाता पहचान और नागरिकता सत्यापन संबंधी नए दिशा-निर्देशों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक का नेतृत्व जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष नगेंद्र नेगी और शहर अध्यक्ष अनिल शुक्ला ने किया। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेसजनों सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में एसआईआर (SIR) संबंधी सभी बिंदुओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सलीम नियारिया, प्रभारी महामंत्री शाखा यादव और महामंत्री आशीष शर्मा ने बूथ स्तर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पार्षदों और छाया पार्षदों को आवश्यक जानकारियाँ साझा कीं। उन्होंने बताया कि इन दिनों मतदाताओं के घर-घर जाकर आवश्यक पत्रक भरवाए जा रहे हैं, जिसके लिए मतदाताओं को अपने जन्मतिथि प्रमाण और आयोग द्वारा मान्य दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य है।
जन्मतिथि प्रमाण हेतु आवश्यक दस्तावेजों पर स्पष्टीकरण
1. 1 जुलाई 1987 से पहले जन्मे और 2003 की वोटर लिस्ट में नाम दर्ज मतदाता:
– इन्हें 2003 की मतदाता सूची की फोटोकॉपी देना आवश्यक है।
2. 1 जुलाई 1987 से पहले जन्मे लेकिन 2003 की वोटर लिस्ट में नाम नहीं होने वाले मतदाता:
– आयोग द्वारा मान्य 11 दस्तावेजों में से कोई एक दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा।
3. 1 जुलाई 1987 से 2 दिसंबर 2004 के बीच जन्मे मतदाता:
– स्वयं का एक दस्तावेज और माता या पिता में से किसी एक का दस्तावेज देना होगा।
4. 2 दिसंबर 2004 के बाद जन्मे मतदाता:
– स्वयं का एक, माता का एक तथा पिता का एक दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
चुनाव आयोग द्वारा मान्य दस्तावेजों की सूची
बैठक में बताया गया कि निम्न दस्तावेजों में से कोई आवश्यक प्रमाण के लिए प्रस्तुत किया जा सकता है—
जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, जाति प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र/परिवार रजिस्टर नकल, 10वीं का शैक्षणिक प्रमाणपत्र, सरकारी जमीन/मकान के दस्तावेज, 1 जुलाई 1987 से पूर्व जारी कोई सरकारी पहचान पत्र, सरकारी नौकरी पहचान पत्र/पेंशन दस्तावेज, राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर आदि।
बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित रहे— जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण एवं शहर अध्यक्ष नगेंद्र नेगी और अनिल शुक्ला, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सलीम नियारिया, महामंत्री भिक्षा शर्मा, शाखा यादव, नगर कांग्रेस अध्यक्ष विकास ठेठवार एवं मदन महंत, प्रांतीय प्रवक्ता हरिराम तिवारी और संजय देवांगन, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष संतोष चौहान, कांग्रेस प्रवक्ता रिंकी पांडेय सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता।






