रायगढ़ में मेडिकल होलसेल दुकानों में सेंधमारी शटर तोड़कर डेढ़ लाख रुपये की चोरी, CCTV में कैद हुए चोर

रायगढ़। जिला मुख्यालय से सटे गांधी गंज इलाके में चोरों ने दो होलसेल मेडिकल दुकानों को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी को अंजाम दिया। घटना एसपी ऑफिस से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, प्रगति इंटरप्राइजेज और प्राची मेडिकोज के संचालक—सांवरिया गोयल और बसंत अग्रवाल—रविवार रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह जब दोनों दुकान पहुंचे तो देखा कि शटर टूटा हुआ है और गल्ले से करीब डेढ़ लाख रुपये गायब हैं।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दुकानों में लगे CCTV कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड है। फुटेज में 3 नकाबपोश चोर स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं, जो सोमवार तड़के करीब 4 बजे शटर तोड़कर अंदर घुसे और रुपये लेकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि चोरों ने पास की अन्य दुकानों में भी चोरी की कोशिश की, लेकिन वहां वे सफल नहीं हो सके।
पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की कार्रवाई में जुटी है। घटना के बाद से क्षेत्र के व्यापारियों में चिंता का माहौल है।












