Raigarh News: प्रभारी सचिव ने घरघोड़ा CHC का किया निरीक्षण, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दिए निर्देश

रायगढ़, 21 नवंबर 2025। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। इसी क्रम में जिले के प्रभारी सचिव एवं वाणिज्य, उद्योग तथा सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव श्री रजत कुमार ने आज घरघोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उनके साथ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, संसाधनों और उपचार प्रक्रियाओं का विस्तृत मूल्यांकन किया। उन्होंने CHC घरघोड़ा को उत्कृष्ट एवं मॉडल अस्पताल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के प्रमुख बिंदु:
- पैथोलॉजी लैब, विभिन्न टेस्टिंग सुविधाओं, एएनसी जांच, टीबी व सिकल सेल स्क्रीनिंग का निरीक्षण
- ओपीडी, लेबर रूम, दवा उपलब्धता, बेड की स्थिति, ड्यूटी चार्ट व स्टोर रूम प्रबंधन की समीक्षा
- एंबुलेंस संचालन, पुरुष व महिला वार्ड, नर्सिंग स्टेशन और इमरजेंसी यूनिट का विस्तृत अवलोकन
उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि डायबिटीज, हाइपरटेंशन, ब्लड टेस्ट सहित सभी प्रमुख जांच सेवाएं समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ उपलब्ध हों।
प्रभारी सचिव के मुख्य निर्देश:
- CHC घरघोड़ा को उत्कृष्ट मॉडल अस्पताल के रूप में विकसित किया जाए
- 24×7 स्वास्थ्य सेवाएं और एंबुलेंस संचालन पूरी तरह सुचारु रहें
- अस्पताल में स्वच्छता, भोजन व्यवस्था और टेलीमेडिसिन सेवाओं को और मजबूत किया जाए
- इमरजेंसी यूनिट व जनरेटर बैकअप हमेशा पूरी तरह फंक्शनल रखें
- विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित हों
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, एसडीएम घरघोड़ा दुर्गा प्रसाद अधिकारी, CMHO डॉ. अनिल कुमार जगत और स्वास्थ्य विभाग की टीम उपस्थित रही।












