रायगढ़ जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी तेज़, व्यवस्थाओं से खुश किसान

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा और शासन की पारदर्शी समर्थन मूल्य नीति से रायगढ़ जिले में धान खरीदी का कार्य सुचारू और व्यवस्थित रूप से जारी है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर सभी उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा के लिए व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। व्यवस्थाओं में सुधार के चलते प्रतिदिन धान बेचने आने वाले किसानों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
जिला खाद्य अधिकारी के अनुसार, अब तक जिले में 64 हजार 298 क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी है। किसानों की बढ़ती भागीदारी से उपार्जन केंद्रों में उत्साह का माहौल है। शासन के निर्देशों के अनुरूप केंद्रों में छाया स्थल, पीने के पानी की सुविधा, शौचालय, नमी मापक यंत्र, पर्याप्त बारदाना, तौल सुविधा, सुरक्षा और साफ-सफाई की बेहतरीन व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। साथ ही, सभी केंद्रों पर अधिकारी और कर्मचारी तैनात हैं ताकि किसी भी किसान को परेशानी न हो।
रायगढ़ जिले में 69 प्राथमिक सहकारी समितियों के अंतर्गत 105 धान उपार्जन केंद्र संचालित हैं, जहां समर्थन मूल्य पर धान खरीदी निर्बाध रूप से जारी है।












