रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ पोस्ट में फायरिंग, प्रधान आरक्षक की गोली मारकर हत्या

रायगढ़ रेलवे स्टेशन में बुधवार तड़के आरपीएफ पोस्ट के अंदर हुई फायरिंग से सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि एक प्रधान आरक्षक ने अपने ही साथी और घनिष्ठ मित्र पर सर्विस पिस्टल से चार गोलियां दाग दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अचानक हुई गोलीबारी से प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों और स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
ड्यूटी से लौटकर आए थे मृतक प्रधान आरक्षक
जानकारी के अनुसार, मृतक प्रधान आरक्षक पी. मिश्रा मंगलवार रात 10 बजे किरोड़ीमल रेलवे लाइन की गश्त पर निकले थे। सुबह लगभग 4 बजे वे ड्यूटी खत्म कर आरपीएफ पोस्ट लौटे। इसी दौरान उनकी अपने पुराने मित्र और साथ में ही सेवा ज्वाइन करने वाले प्रधान आरक्षक कुमार सिंह लदेर से किसी बात को लेकर तीखी कहासुनी हो गई।
विवाद इतना बढ़ गया कि अचानक कुमार सिंह ने अपनी 9 एमएम सर्विस पिस्टल निकालकर पी. मिश्रा के सिर पर चार राउंड फायर कर दिए। गोलियां लगते ही पी. मिश्रा लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।
गोलियों की आवाज से स्टेशन परिसर में हड़कंप
फायरिंग की आवाज सुनते ही थाने में मौजूद अन्य जवान मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। गोली की आवाज प्लेटफॉर्म तक पहुंचते ही यात्रियों और स्टॉल संचालकों में दहशत फैल गई। कई यात्री सुरक्षित जगह की ओर भागने लगे।
सूचना मिलते ही आरपीएफ और स्थानीय पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं। आरोपी प्रधान आरक्षक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।












