रायगढ़ : जिंदल यूनिवर्सिटी हॉस्टल में बी-टेक छात्रा की आत्महत्या, क्षेत्र में शोक का माहौल

रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जिंदल यूनिवर्सिटी में अध्ययनरत बी-टेक सीएससी सेकेंड ईयर की छात्रा ने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से विश्वविद्यालय परिसर सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतिका की पहचान प्रिंसी कुमारी (20 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से जमशेदपुर (टाटा), झारखंड की रहने वाली थी और जिंदल यूनिवर्सिटी हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। प्रिंसी के पिता का नाम राजीव सिंह बताया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना बीती रात लगभग 8 बजे की है। हॉस्टल के कमरे में जब काफी देर तक कोई हलचल नहीं हुई तो साथ रहने वाली छात्राओं और स्टाफ को शक हुआ। दरवाजा खोलने पर प्रिंसी का शव फांसी के फंदे पर झूलता मिला, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रिंसी को सेकेंड ईयर की पढ़ाई के साथ-साथ फर्स्ट ईयर का बैक एग्जाम भी देना था। प्रारंभिक जांच में पढ़ाई का दबाव और मानसिक तनाव आत्महत्या का संभावित कारण माना जा रहा है। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है, जिसकी जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला पुलिस टीम का भी गठन किया गया है।
इधर, मृतिका के परिजन मौके पर पहुंच चुके हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए घरघोड़ा अस्पताल भेजा गया है, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
एक होनहार छात्रा की असमय मौत ने परिवार, कॉलेज प्रशासन और पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।












