देश को जल्द मिलेगा नया उपराष्ट्रपति, एनडीए और INDIA गठबंधन में उम्मीदवार तय करने की हलचल तेज

देश में जल्द ही नए उपराष्ट्रपति का चुनाव होने जा रहा है और इसको लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। नेशनल डेमोक्रेटिक एलायंस (NDA) और विपक्षी INDIA गठबंधन अपने-अपने उम्मीदवारों के चयन में जुटे हैं। चुनाव आयोग ने प्रक्रिया शुरू कर दी है और राज्यसभा महासचिव को रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे से लौटते ही एनडीए की एक महत्वपूर्ण बैठक होगी, जिसमें उपराष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार के नाम पर अंतिम मुहर लग सकती है। ऐसा माना जा रहा है कि बीजेपी संगठन से जुड़े किसी अनुभवी, वैचारिक रूप से प्रतिबद्ध और ओबीसी समुदाय से आने वाले नेता को टिकट दे सकती है। वहीं, जेडीयू नेता और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश का नाम भी प्रमुख दावेदारों में शामिल है।
NDA के पास फिलहाल लोकसभा में 293 और राज्यसभा में लगभग 130 सांसदों का समर्थन है। दोनों सदनों की कुल सदस्य संख्या 782 है, और उपराष्ट्रपति पद के लिए जरूरी 392 वोटों के मुकाबले एनडीए के पास 423 सांसदों का समर्थन होने की संभावना है। ऐसे में एनडीए उम्मीदवार का जीतना लगभग तय माना जा रहा है।
इसके बावजूद, विपक्षी INDIA गठबंधन ने भी चुनाव में उतरने की तैयारी कर ली है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताया कि गठबंधन की बैठक जल्द बुलाई जाएगी और सामूहिक रूप से उम्मीदवार तय किया जाएगा। विपक्ष का मानना है कि मुकाबले में शामिल होकर वे एक मजबूत राजनीतिक संदेश देना चाहते हैं।
गौरतलब है कि पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने हाल ही में स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दिया था। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को पत्र भेजकर अपने निर्णय की जानकारी दी। उपराष्ट्रपति के रूप में वे राज्यसभा के सभापति भी थे, ऐसे में इस पद की रिक्तता को भरना संवैधानिक और संसदीय दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण हो गया है।












