वयोमित्र कार्यक्रम के तहत बैकुण्ठपुर विकासखंड के ग्रामों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित

आयुष विभाग, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार विकासखंड बैकुण्ठपुर के ग्राम परसापानी, जगतपुर, दुर्गापुर, उमझर में वयोमित्र कार्यक्रम के अंतर्गत निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का उद्देश्य वातरोगों जैसे ऑस्टियोआर्थराइटिस एवं मांसपेशीय रोगों की रोकथाम व उपचार के साथ-साथ आयुष चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा।
शिविर के दौरान नागरिकों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें रक्तचाप, शुगर की जांच सहित विभिन्न रोगों का आकलन किया गया। इसके साथ ही निःशुल्क आयुष औषधियों का वितरण किया गया तथा योग, जीवनशैली एवं मौसम अनुरूप आहार-विहार के माध्यम से रोगों से बचाव की जानकारी दी गई। विशेष रूप से वृद्धजनों को बढ़ती आयु में होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव के उपाय बताए गए।
शिविर में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और लगभग 105 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। आयुष विभाग ने बताया कि भविष्य में इस तरह के शिविरों का आयोजन और व्यापक स्तर पर किया जाएगा तथा वयोमित्र कार्यक्रम का विस्तार कर अधिक से अधिक लोगों तक आयुष सेवाएं पहुंचाई जाएंगी।कार्यक्रम का संचालन डॉ. जगत नारायण मिश्रा, डॉ. अंजली, फार्मासिस्ट युवराज सिन्हा एवं योग सहायक कृष्णा राजवाड़े द्वारा किया गया।












