सिरपुर महोत्सव के द्वितीय दिवस पर संगीत और संस्कृति का अनोखा संगम

सिरपुर । सिरपुर महोत्सव के द्वितीय दिवस ने दर्शकों को कला, संस्कृति और संगीत की विविध विधाओं से रूबरू कराया। पूरे दिन और रात्रि तक चले कार्यक्रमों में शास्त्रीय, सूफी, भक्ति, लोक और आधुनिक संगीत का सुंदर संगम देखने को मिला। महोत्सव परिसर हर पल उत्साह और उल्लास से सराबोर रहा।
रात्रि सत्र का प्रमुख आकर्षण रहा इंडियन आइडल फेम कलाकारों का मंचीय प्रदर्शन। रात्रि 8 बजे से 10 बजे तक दर्शकों ने इंडियन आइडल सीजन 10 के नितिन कुमार, सीजन 12 के नचिकेत लेले और सुप्रसिद्ध गायिका वैशाली रायकवार की सुमधुर और भावपूर्ण प्रस्तुतियाँ देखीं।
तीनों कलाकारों ने बॉलीवुड, सूफी, भक्ति और आधुनिक गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों का दिल जीत लिया। मधुर प्रेम गीतों पर दर्शक झूमते नजर आए, जबकि भक्ति और सूफी रचनाओं ने माहौल को श्रद्धा और शांति से भर दिया। आधुनिक गीतों की प्रस्तुति में युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और महोत्सव परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों और दर्शकों के बीच आत्मीय संवाद भी देखने को मिला। कलाकारों ने सिरपुर की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता की सराहना की और दर्शकों के प्रेम और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।












