रायपुर में 27-28 मार्च को प्रवासी छत्तीसगढ़ कॉन्क्लेव: विदेशों में बसे छत्तीसगढ़ियों के अनुभव और निवेश से प्रदेश विकास को नई दिशा

दो दिवसीय कॉन्क्लेव में दुनिया भर से छत्तीसगढ़ी जुटेंगे
छत्तीसगढ़ के विकास में प्रवासी छत्तीसगढ़ियों की भागीदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में 27 और 28 मार्च को प्रवासी छत्तीसगढ़ कॉन्क्लेव का आयोजन किया जाएगा। यह दो दिवसीय कार्यक्रम नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (NACHA) और छत्तीसगढ़ एनआरआई संघ के सहयोग से आयोजित किया जाएगा।
राज्य के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास से जोड़ने का प्रयास
कॉन्क्लेव के माध्यम से प्रवासी छत्तीसगढ़ियों को राज्य के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में निवेश की संभावनाएं, रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, उद्योग और स्टार्टअप विकास जैसे अहम विषयों पर व्यापक चर्चा की जाएगी। पंजीकरण प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।
एनआरआई अनुभव और विशेषज्ञता का इस्तेमाल
आयोजन के दौरान प्रवासी छत्तीसगढ़ियों के अनुभव, विशेषज्ञता और संसाधनों का राज्य के विकास में उपयोग करने पर मंथन होगा। प्रदेश और विदेश में बसे छत्तीसगढ़ी समाज के बीच संवाद को मजबूत करने और सहयोग की नई संभावनाओं को तलाशने पर भी जोर दिया जाएगा।
विशेषज्ञ, उद्यमी और सामाजिक कार्यकर्ता होंगे शामिल
कॉन्क्लेव में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ, उद्यमी, सामाजिक कार्यकर्ता और विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे, जो प्रवासी छत्तीसगढ़ियों और स्थानीय समाज के बीच संपर्क बढ़ाने में मदद करेंगे।
मुख्यमंत्री का संदेश
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रवासी छत्तीसगढ़ी राज्य की अमूल्य पूंजी हैं। विदेशों में कार्यरत नागरिक अपने ज्ञान, अनुभव और निवेश से प्रदेश के विकास को नई दिशा दे सकते हैं। सरकार चाहती है कि प्रवासी छत्तीसगढ़ी औद्योगिक, शैक्षणिक और सामाजिक विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।












