रायपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, सरकारी वाहन की टक्कर से छात्र की मौत

स्कूल जा रहे भाई-बहन को पीछे से मारी टक्कर, बहन गंभीर घायल
रायपुर। राजधानी रायपुर के सिविल लाइन इलाके में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा मुख्यमंत्री निवास के पास छत्तीसगढ़ क्लब के सामने हुआ, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7:50 बजे EV स्कूटी से स्कूल जा रहे भाई-बहन को पीछे से एक सरकारी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी चला रहे अंश आठवानी (14 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन नमिसा गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद आरोपी चालक सरकारी वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घायल छात्रा को तत्काल डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
मामले की जानकारी देते हुए सिविल लाइन एसीपी रमाकांत साहू ने बताया कि दुर्घटना में शामिल वाहन तेज रफ्तार में था। पुलिस ने आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं मुख्यमंत्री निवास के पास हुए इस हादसे ने एक बार फिर सरकारी वाहनों की रफ्तार और जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।












