तिरंगे की शान और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ जिंदल स्टील ने मनाया स्वतंत्रता दिवस

रायगढ़। जिंदल स्टील लिमिटेड के रायगढ़ संयंत्र में देशभक्ति और राष्ट्र गौरव की भावना से स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। संयंत्र परिसर स्थित पोलो मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में जिंदल स्टील लिमिटेड के श्री वेंकटेश जिंदल ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर जिंदल फाउंडेशन की चेयरपर्सन श्रीमती शालू जिंदल विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : वेंकटेश जिंदल
ध्वजारोहण के बाद अपने संबोधन में श्री वेंकटेश जिंदल ने देश की स्वतंत्रता के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि पिछले 80 वर्षों में भारत ने विकास और प्रगति की लंबी यात्रा तय की है और भविष्य को लेकर वे बेहद आशावान हैं।
उन्होंने कहा कि जिंदल स्टील के लिए स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि साझी आजादी, भारतीयता और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व को याद करने का अवसर है। रायगढ़ संयंत्र में निर्मित स्टील देश की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सड़क, रेलवे, पुल, इमारत और उद्योग सहित विकास के विभिन्न क्षेत्रों में जिंदल स्टील का योगदान है।
‘हम मिलकर भारत का निर्माण कर रहे हैं’
श्री वेंकटेश जिंदल ने जिंदल स्टील परिवार को संबोधित करते हुए कहा कि देश के विकास में प्रत्येक कर्मचारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा, “हम मिलकर भारत का निर्माण कर रहे हैं। हम जिंदल हैं—स्टील ऑफ इंडिया।”
उन्होंने कर्मचारियों को सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश देते हुए कहा कि सुरक्षा से अधिक महत्वपूर्ण कोई लक्ष्य या समय-सीमा नहीं हो सकती। उन्होंने सभी कर्मचारियों से स्वयं के साथ अपने साथियों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने का आह्वान किया।
बदलती तकनीक के साथ सीखने पर जोर
श्री जिंदल ने निरंतर सीखने और बदलती तकनीक के अनुरूप स्वयं को अपडेट रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्टील निर्माण की तकनीक तेजी से बदल रही है। ऐसे में अनुभवी कर्मचारियों के अनुभव और युवा स्टील मेकर्स के नए विचारों का समन्वय बेहतर प्रदर्शन की नई राह तैयार कर सकता है।
उन्होंने कहा कि “साफ-सुथरा संयंत्र ही सुरक्षित संयंत्र होता है।” संयंत्र की स्वच्छता और सुव्यवस्था को बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कर्मचारियों से ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने और कंपनी के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।
ओपी जिंदल के विजन को आगे बढ़ाने का संकल्प
समूह के संस्थापक चेयरमैन बाऊजी श्री ओ.पी. जिंदल को याद करते हुए श्री वेंकटेश जिंदल ने कहा कि उन्हें भारत और भारतीय उद्योग की क्षमता पर अटूट विश्वास था। उनके विजन को आगे बढ़ाते हुए चेयरमैन श्री नवीन जिंदल अपने दूरदर्शी नेतृत्व से सभी को कंपनी के साथ-साथ अपने सपनों के भारत के निर्माण के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
उन्होंने सभी से सुरक्षित रहते हुए एक-दूसरे का सहयोग करने और मजबूत, खुशहाल एवं समावेशी भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
देबोज्योति रॉय ने याद किया नवीन जिंदल का तिरंगे के लिए संघर्ष
रायगढ़ संयंत्र के कार्यपालन निदेशक श्री देबोज्योति रॉय ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिंदल स्टील लिमिटेड की शक्ति उसके चेयरमैन श्री नवीन जिंदल के दूरदर्शी नेतृत्व और राष्ट्रीय एकता के प्रतीक तिरंगे में निहित है।
उन्होंने श्री नवीन जिंदल के उस ऐतिहासिक प्रयास को याद किया, जिसके बाद देश के प्रत्येक नागरिक को सम्मान के साथ राष्ट्रध्वज फहराने के अधिकार को लेकर महत्वपूर्ण कानूनी लड़ाई लड़ी गई। श्री रॉय ने कहा कि करीब एक दशक तक चले संघर्ष के बाद 23 जनवरी 2004 को सर्वोच्च न्यायालय के ऐतिहासिक निर्णय ने प्रत्येक भारतीय को तिरंगा फहराने के मौलिक अधिकार की पुष्टि की।
‘कर्म ही पूजा है, देश सेवा ही सबसे बड़ा धर्म’
श्री रॉय ने समूह के संस्थापक चेयरमैन श्री ओ.पी. जिंदल के विचार “कर्म ही पूजा है और देश सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है” को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि इसी विचारधारा और चेयरमैन श्री नवीन जिंदल के मार्गदर्शन में जिंदल स्टील लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि कंपनी केवल स्टील का उत्पादन नहीं कर रही, बल्कि मजबूत, आत्मनिर्भर और विकसित भारत की नींव को भी मजबूत कर रही है। कर्मचारियों की मेहनत और समर्पण को कंपनी की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए उन्होंने कहा कि उनके परिवारों का सहयोग भी इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
देशभक्ति से सराबोर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिंदल स्टील परिवार के सदस्यों के साथ ओ.पी. जिंदल स्कूल, रायगढ़ और जिंदल आशा के बच्चों ने देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया और उन्हें खूब तालियां मिलीं।
सुरक्षा विभाग के के-9 डॉग स्क्वाड ने भी रोमांचक डॉग शो प्रस्तुत कर दर्शकों को रोमांचित किया।
उत्कृष्ट कर्मचारियों का हुआ सम्मान
समारोह के समापन अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। समारोह में जिंदल स्टील लिमिटेड परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह ने तिरंगे के प्रति सम्मान, राष्ट्र निर्माण के संकल्प, कर्मचारी सुरक्षा और विकसित भारत के लक्ष्य के प्रति जिंदल स्टील परिवार की प्रतिबद्धता को एक बार फिर सामने रखा।






