छत्तीसगढ़

राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित हुए रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया सम्मानित

Advertisement

रायगढ़। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ पुलिस के 11 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया। इनमें रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह को सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक प्रदान किया गया। यह सम्मान उनके दीर्घकालीन समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा, नेतृत्व क्षमता और पुलिस सेवा में उल्लेखनीय योगदान का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान है।

लंबे सेवाकाल और उत्कृष्ट पुलिसिंग का सम्मान

वर्ष 2026 के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस के 11 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नाम राष्ट्रपति पुलिस पदकों के लिए घोषित किए गए थे। इनमें श्री शशि मोहन सिंह का नाम सराहनीय सेवा पदक प्राप्त करने वाले अधिकारियों में शामिल रहा।

श्री शशि मोहन सिंह ने वर्ष 1997 में राज्य पुलिस सेवा में चयनित होकर पुलिस सेवा की शुरुआत की। मध्यप्रदेश के होशंगाबाद, इटारसी और भोपाल सहित विभिन्न स्थानों पर सेवाएं देने के बाद छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के पश्चात उन्होंने प्रदेश के अलग-अलग जिलों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं।

नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी निभाई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी

वर्ष 2012 बैच के भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी के रूप में श्री शशि मोहन सिंह ने छत्तीसगढ़ के मैदानी क्षेत्रों के साथ-साथ चुनौतीपूर्ण नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी पुलिसिंग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, आंतरिक सुरक्षा और जनसेवा के क्षेत्र में उनके कार्यों ने उन्हें अनुभवी एवं सशक्त पुलिस अधिकारी के रूप में पहचान दिलाई।

अभिनेता, कवि और लेखक के रूप में भी पहचान

पुलिस सेवा के साथ श्री शशि मोहन सिंह का रचनात्मक पक्ष भी उल्लेखनीय रहा है। वे अभिनेता, कवि और लेखक के रूप में भी अपनी पहचान रखते हैं। अपनी रचनात्मक अभिरुचियों के माध्यम से उन्होंने सामाजिक सरोकारों, संवेदनशील पुलिसिंग और सकारात्मक संदेशों को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया है।

रायगढ़ पुलिस परिवार में हर्ष का माहौल

स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के हाथों एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह को राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जाना रायगढ़ पुलिस के लिए गौरव का अवसर है। यह सम्मान उनके लंबे सेवाकाल में निभाई गई जिम्मेदारियों, नेतृत्व क्षमता और कर्तव्य के प्रति समर्पण की पहचान है।

राष्ट्रपति पुलिस पदक मिलने पर रायगढ़ पुलिस परिवार में हर्ष और गर्व का माहौल है। जिले के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, पुलिस परिवार के सदस्यों, सहकर्मियों और शुभचिंतकों ने एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button