प्रतिबंध के बावजूद शहर में दौड़ रहे भारी वाहन, नागरिकों में रोष

रायगढ़। नगर क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध के बावजूद ट्रक, डंपर और ट्रेलर बेधड़क शहर के भीतर से गुजर रहे हैं। शहर के प्रवेश मार्ग पर प्रतिबंध संबंधी बोर्ड लगे होने के बाद भी जमीनी स्तर पर नियमों का पालन होता नजर नहीं आ रहा है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार सुबह लगभग 4 बजे से ही भारी वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाती है। तड़के सड़कों पर ट्रकों की तेज आवाज और कंपन स्पष्ट महसूस किया जा सकता है। लोगों का कहना है कि इससे न केवल यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
गौरतलब है कि भारी वाहनों के लिए बाईपास मार्ग का निर्माण किया गया है, ताकि शहर की मुख्य सड़कों पर दबाव कम हो और आमजन को सुरक्षित आवागमन मिल सके। इसके बावजूद कई वाहन चालक बाईपास की बजाय सीधे शहर के भीतर से गुजरना आसान समझ रहे हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि स्कूल जाने वाले बच्चे, मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले बुजुर्ग और बाजार जाने वाले लोग भारी वाहनों के कारण जोखिम में रहते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि प्रतिबंध का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस समस्या को लेकर क्या ठोस कदम उठाता है और क्या बाईपास निर्माण का उद्देश्य वास्तव में पूरा हो पाता है या नहीं।












