नावागढ़ में भीषण सड़क हादसा: दो बाइकें टकराकर हसदेव नदी में गिरीं, एक की मौत, तीन घायल

जांजगीर–चांपा। जिले के नावागढ़ ब्लॉक में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार ग्राम भठली से ताल देवरी की ओर जा रही दो मोटरसाइकिलें—हीरो होंडा स्प्लेंडर और एमटी-15—तेज रफ्तार में थीं। इसी दौरान दोनों बाइकों का हैंडल आपस में टच हो गया, जिससे संतुलन बिगड़ गया और बाइक सवार सीधे हसदेव नदी में जा गिरे।
हादसे में विकास यादव, पहलाद दास और उनके दो अन्य साथी नदी में गिर गए। इनमें से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विकास यादव, पहलाद दास और एक अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को नदी से बाहर निकालकर तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही नावागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।






