रायपुर में भीषण सड़क हादसा, पति-पत्नी समेत तीन की मौत

राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। आमने-सामने की भिड़ंत में दो मोटरसाइकिलों के परखच्चे उड़ गए और पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई।
आमने-सामने की टक्कर
जानकारी के अनुसार, विधानसभा इलाके में दो तेज रफ्तार बाइकों की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही तीन लोगों ने दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान—
- भोजराज विश्वकर्मा (निवासी टेकारी)
- प्यारी बाई विश्वकर्मा (भोजराज की पत्नी)
- शुभम यादव (निवासी मांढर)
एक घायल की हालत गंभीर
हादसे में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जांच जारी
विधानसभा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच में जुटी हुई है। तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।












