Raigarh में विकास कार्यों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता व समयसीमा पर दिया जोर

नगर निगम क्षेत्र में संचालित विभिन्न निर्माण एवं अधोसंरचना विकास कार्यों का आज कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार जिले में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
पंचतत्व उद्यान का अवलोकन
कलेक्टर ने जिला कलेक्ट्रेट के सामने निर्माणाधीन पंचतत्व उद्यान का निरीक्षण किया। यह उद्यान पृथ्वी, जल, वायु, अग्नि और आकाश की अवधारणा पर विकसित किया जा रहा है। यहां एक विशेष एक्यूप्रेशर पथ बनाया जा रहा है, जिसमें नदी के कंकड़, खुरदरी रेत, पेड़ की छाल, काली मिट्टी और जल का उपयोग होगा। इसका उद्देश्य स्वास्थ्य संवर्धन और रक्त संचार में सुधार करना है।
तालतयो निधि उद्यान और सौंदर्यीकरण
इसके बाद चक्रपथ स्थित तालतयो निधि उद्यान का निरीक्षण किया गया, जिसका निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। कलेक्टर ने परिसर और आसपास के क्षेत्र को सुव्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के निर्देश दिए। साथ ही चक्रपथ किनारे संचालित दुकानों को व्यवस्थित और सुंदर स्वरूप देने पर जोर दिया।
स्टेडियम में खेल सुविधाओं की समीक्षा
कलेक्टर ने रायगढ़ स्टेडियम में राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप निर्माणाधीन 50 एवं 25 मीटर के स्विमिंग पूल का निरीक्षण किया और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही 400 मीटर सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक के निर्माण कार्य का अवलोकन करते हुए गुणवत्ता और दीर्घकालिक उपयोगिता सुनिश्चित करने को कहा।
नाला निर्माण व भरतकूप जीर्णोद्धार
केवड़ाबाड़ी चौक से ढिमरापुर चौक के मध्य निर्माणाधीन नाला कार्य की प्रगति और लागत की जानकारी लेते हुए इसे शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
सतीगुड़ी चौक स्थित भरतकूप के जीर्णोद्धार कार्य की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कुएं के चारों ओर सुरक्षा जाली लगाने और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही चौक के सौंदर्यीकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।
कलेक्टर ने सभी विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कहा कि नगर निगम क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।












