Raigarh: अवैध कोयला उत्खनन पर संयुक्त कार्रवाई, 60 टन कोयला व मशीन जब्त

रायगढ़ जिले में अवैध कोयला उत्खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए खनिज एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने समरसुता नाला के किनारे दबिश देकर करीब 60 टन अवैध रूप से उत्खनित कोयला और एक चौन माउंटेड मशीन जब्त की है। यह कार्रवाई जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में पुलिस बल और ग्रामीणों की उपस्थिति में की गई।
सूचना पर त्वरित छापामार कार्रवाई
वन मंडलाधिकारी धरमजयगढ़ जितेंद्र उपाध्याय ने बताया कि 2 फरवरी को अवैध उत्खनन की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए समरसुता नाला क्षेत्र में छापा मारा। मौके पर अवैध रूप से कोयला उत्खनन किया जाना पाया गया।
कार्रवाई के दौरान एक चौन माउंटेड मशीन (XCMG कंपनी, मॉडल XE210I) जब्त की गई। हालांकि मौके पर मौजूद आरोपी फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
कोयला व मशीन जब्त, वन अपराध दर्ज
संयुक्त टीम ने लगभग 60 टन कोयला जब्त किया। कोयले को खनिज विभाग ने अपने कब्जे में लिया, जबकि मशीन को वन विभाग ने जब्त किया। जब्त सामग्री को विधिवत थाना प्रभारी को सुपुर्द कर दिया गया है।
वन विभाग ने वन अपराध प्रकरण दर्ज कर वाहन के राजसात की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। इस संबंध में न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी, धरमजयगढ़ को प्रारंभिक सूचना भेजी गई है।
आगे भी जारी रहेगी सख्ती
वन मंडलाधिकारी ने कहा कि वन क्षेत्र में अवैध उत्खनन पर अंकुश लगाने के लिए सतत गश्ती और निगरानी की जा रही है। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।












