अंबिकापुर में 75 केंद्रों पर होंगी बोर्ड परीक्षाएं, 17,756 विद्यार्थी होंगे शामिल

20 फरवरी से शुरू होगी हायर सेकेंडरी और 21 फरवरी से हाईस्कूल परीक्षा; सुरक्षा के कड़े इंतजाम, गोपनीय सामग्री सशस्त्र बल की निगरानी में पहुंचेगी थानों तक
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर द्वारा संचालित हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा वर्ष 2026 जिले के निर्धारित 75 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
हायर सेकेंडरी परीक्षा 20 फरवरी 2026 से 18 मार्च 2026 तक तथा हाईस्कूल परीक्षा 21 फरवरी 2026 से 13 मार्च 2026 तक संपन्न होगी। दोनों परीक्षाएं प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की जाएंगी।
17 हजार से अधिक विद्यार्थी देंगे परीक्षा
इस वर्ष जिले में हाईस्कूल के 9,731 तथा हायर सेकेंडरी के 8,025 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इस प्रकार कुल 17,756 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा को लेकर शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
16 फरवरी को गोपनीय सामग्री का वितरण
मंडल पार्टी द्वारा परीक्षा की गोपनीय सामग्री का वितरण 16 फरवरी 2026 को प्रातः 10:00 बजे से समन्वय संस्था शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अंबिकापुर में किया जाएगा।
जिले के सभी 75 परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्ष/प्राचार्य को एक सहयोगी के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर सामग्री प्राप्त करनी होगी। सामग्री प्राप्ति हेतु दो कुंडों (दो ताले) वाली दो पेटियां ताला-चाबी सहित लाना अनिवार्य किया गया है।
सशस्त्र सुरक्षा में थानों तक पहुंचेगी सामग्री
हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी की गोपनीय सामग्री अलग-अलग पेटियों में सुरक्षित रखी जाएगी। इसके बाद निर्धारित रूट चार्ट-09 के अनुसार 1 से 4 सशस्त्र बलों की सुरक्षा में बस के माध्यम से परिवहन कर संबंधित थाना/चौकी में पेटियां सुरक्षित रखी जाएंगी।
परीक्षाओं की गोपनीयता, सुरक्षा और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।












