बिलासपुर में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, फूड इंस्पेक्टर 90 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

बिलासपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बिलासपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए मस्तूरी क्षेत्र के एक फूड इंस्पेक्टर को 90 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर शासकीय उचित मूल्य की दुकान स्व सहायता समूह को आबंटित कराने के नाम पर एक लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।
क्या है मामला?
मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम विद्याडीह से जुड़ा है। ग्राम विद्याडीह निवासी महेंद्र पटेल ने 3 फरवरी को एसीबी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के अनुसार, गांव की शासकीय उचित मूल्य की दुकान वर्तमान में पंचायत के माध्यम से संचालित हो रही है। उक्त दुकान को ‘शैल स्व सहायता समूह’ विद्याडीह को आबंटित कराने के लिए करीब तीन महीने पहले एसडीएम कार्यालय मस्तूरी में आवेदन प्रस्तुत किया गया था।
रिश्वत मांगने का आरोप
महेंद्र पटेल ने आरोप लगाया कि प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए उन्हें संबंधित फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार से संपर्क करने को कहा गया। मुलाकात के दौरान फूड इंस्पेक्टर ने एसडीएम के समक्ष जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने और दुकान आबंटन का आदेश जारी कराने के एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की।
एसीबी ने रचा जाल
शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी ने जाल बिछाया। तय योजना के तहत आरोपी को 90 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। एसीबी ने रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली है।


