Uncategorised

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बलौदा बाजार में मनवा कुर्मी समाज के 80वें महाअधिवेशन को संबोधित किया



रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज बलौदा बाजार जिले के ग्राम चांपा में आयोजित छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के दो दिवसीय 80वें महाअधिवेशन में शामिल होकर समाज के प्रतिनिधियों को संबोधित किया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वतंत्रता सेनानी एवं समाज सुधारक डॉ. खूबचंद बघेल की पुण्य तिथि पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने और समाज की विभूतियों को पुष्पांजलि देने के साथ हुई। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम में गजमाला पहनाकर स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री साय ने मनवा कुर्मी समाज को परिश्रमी, संगठित और उन्नत कृषक परंपरा वाला समाज बताते हुए कहा कि समाज का योगदान राज्य की प्रगति में महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने 80वें महाअधिवेशन की बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में मेल-मिलाप, समन्वय और सकारात्मक निर्णयों को बढ़ावा देते हैं, जिसका लाभ पूरे प्रदेश और देश को मिलता है।

उन्होंने शिक्षा को सशक्त समाज निर्माण का आधार बताते हुए बेटा-बेटी दोनों को शिक्षा से जोड़ने के प्रयासों की सराहना की। इसके अलावा महिला स्वरोजगार, युवाओं में नशामुक्ति और सामाजिक सुधार के प्रयासों को भी उन्होंने महत्वपूर्ण बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख घर बनाए जा चुके हैं। इस वर्ष समर्थन मूल्य पर 25 लाख 24 हजार किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदा गया और होली से पहले किसानों को लगभग 10 हजार करोड़ रुपये की अंतर राशि प्रदान की जाएगी। महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को अब तक 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जा चुकी है।

बस्तर क्षेत्र में विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है और मार्च 2026 तक नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त करने के लिए सरकार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने ग्राम नरदहा में सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 50 लाख रुपये और बलौदा बाजार में 25 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की।

राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पिछले दो वर्षों में राज्य में उल्लेखनीय विकास हुआ है और किसानों, महिलाओं तथा युवाओं के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की गई हैं।

कार्यक्रम में समाज के केंद्रीय अध्यक्ष खोड़स राम वर्मा ने सामाजिक सुधार से जुड़े निर्णयों की जानकारी दी। अधिवेशन में राजिम विधायक रोहित साहू सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, महिलाएं, युवा और स्वजातीय बंधु उपस्थित थे।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button