छत्तीसगढ़ में ‘गौधाम योजना’ की शुरुआत, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लाखासार से किया शुभारंभ

बिलासपुर/तखतपुर। छत्तीसगढ़ में पशुधन संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने ‘गौधाम योजना’ की शुरुआत कर दी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तखतपुर क्षेत्र के लाखासार गांव से इस योजना का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
क्षेत्रीय विकास के लिए कई योजनाओं की घोषणा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि लाखासार में भवन निर्माण के लिए 25 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही क्षेत्र में सुविधाओं को बढ़ाने के लिए काउ कैचर, महतारी सदन, एंबुलेंस सुविधा, मिनी स्टेडियम और गौरवपथ निर्माण को भी स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र के लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय विकास को नई गति मिलेगी।
बिजली बिल भुगतान समाधान योजना का जिक्र
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना भी संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं और किसानों का करीब 1700 करोड़ रुपये का बिजली बिल बकाया है, जिसका समाधान इस योजना के माध्यम से किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 31 जून तक इस योजना के तहत बकाया का निराकरण किया जाएगा। इस दौरान सरचार्ज पूरी तरह माफ किया जाएगा और मूलधन में भी 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। इसके तहत लगभग 757 करोड़ रुपये का बिजली बिल सरकार द्वारा माफ किया जाएगा।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘गौधाम योजना’ से पशुधन संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से गांवों में रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी पैदा होंगे।






