सिंगर बादशाह को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की धमकी, पानीपत फायरिंग से जोड़ा नाम

नई दिल्ली: बॉलीवुड के मशहूर सिंगर और रैपर Badshah की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। एक ओर हरियाणा में उनके खिलाफ कार्रवाई की संभावना बनी हुई है, वहीं अब Lawrence Bishnoi Gang की ओर से उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है।
पानीपत फायरिंग के बाद जारी हुआ नोट
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हरियाणा के पानीपत में हुई फायरिंग की जिम्मेदारी लेते हुए गैंग की ओर से एक नोट जारी किया गया है। इस नोट में असंध रोड स्थित वेस्टर्न यूनियन से जुड़े एक ऑफिस पर हुई गोलीबारी का जिक्र करते हुए गैंग के सदस्यों ने दावा किया कि यह कार्रवाई हवाला कारोबार के खिलाफ की गई।
नोट में लिखा गया कि पहले संबंधित लोगों को चेतावनी दी गई थी, लेकिन उन्होंने बात नहीं मानी। इसके साथ ही चेतावनी दी गई कि यह सिर्फ ट्रेलर है, पूरी कार्रवाई अभी बाकी है।
बादशाह को भी दी धमकी
जारी संदेश में सिंगर बादशाह को भी निशाना बनाते हुए कहा गया कि उन्होंने हरियाणा की संस्कृति को खराब करने की कोशिश की है। धमकी में यह भी लिखा गया कि 2024 में उनके क्लब में “ट्रेलर” दिखाया गया था और अगली बार उन्हें सीधे गोली मारने की बात कही गई।
‘टटीरी’ गाने को लेकर विवाद
दरअसल, बादशाह इन दिनों अपने हरियाणवी गाने “टटीरी” को लेकर विवादों में घिरे हुए हैं। इस मामले में Haryana State Commission for Women ने कड़ा रुख अपनाया है।
आयोग की अध्यक्ष Renu Bhatia ने पुलिस को निर्देश दिया है कि अगर बादशाह जांच में सहयोग नहीं करते तो उनकी गिरफ्तारी की जा सकती है। साथ ही जरूरत पड़ने पर उनका पासपोर्ट जब्त करने की भी बात कही गई है।
बादशाह ने मांगी माफी
देशभर में विरोध के बाद बादशाह ने इस विवाद पर सार्वजनिक माफी भी मांगी है। उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा कि वे एक गर्वित हरियाणवी हैं और उनका इरादा कभी भी हरियाणा के लोगों, खासकर महिलाओं या बच्चों का अपमान करने का नहीं था।






