IPL 2026: पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में ईशान किशन संभालेंगे सनराइजर्स हैदराबाद की कमान

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के आगामी 19वें सीजन से पहले सनराइजर्स हैदराबाद ने बड़ा फैसला लेते हुए टीम की कप्तानी ईशान किशन को सौंप दी है। नियमित कप्तान पैट कमिंस शुरुआती कुछ मुकाबलों में उपलब्ध नहीं रहेंगे, जिसके चलते फ्रेंचाइजी ने यह अहम जिम्मेदारी किशन को दी है।
ईशान किशन के लिए साल 2026 अब तक शानदार रहा है। उन्होंने टीम इंडिया में वापसी करने के साथ ही टी20 विश्व कप 2026 में अपने दमदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा है। अब आईपीएल में कप्तानी की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनकी अग्निपरीक्षा मानी जा रही है।
कप्तान के तौर पर शानदार रिकॉर्ड
ईशान किशन का टी20 क्रिकेट में बतौर कप्तान रिकॉर्ड काफी प्रभावशाली रहा है। उन्होंने अब तक 29 मैचों में कप्तानी की है, जिसमें उनकी टीम को 24 मुकाबलों में जीत और सिर्फ 5 में हार मिली है।
हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने झारखंड टीम की कप्तानी करते हुए खिताब भी जिताया। टूर्नामेंट में टीम ने 11 में से 10 मैच जीते और फाइनल में शानदार जीत दर्ज की।
बल्लेबाजी में भी कमाल
बतौर कप्तान ईशान किशन ने बल्लेबाजी में भी जबरदस्त प्रदर्शन किया है। 29 मैचों में उन्होंने 43.12 की औसत से 1078 रन बनाए हैं, जिसमें 4 शतक और 4 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 113 रन रहा है।
अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या ईशान किशन आईपीएल जैसे बड़े मंच पर भी अपनी कप्तानी और बल्लेबाजी से टीम को जीत दिला पाएंगे या नहीं।



