
बड़पारा शराब भट्ठी के पास पैसे मांगने को लेकर हुआ विवाद मारपीट की घटना ने लिया गंभीर रूप
रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक से मारपीट करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार जूटमिल क्षेत्र निवासी सत्यम सिदार 31 वर्ष ने 29 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने साथी के साथ बड़पारा शराब भट्ठी से लौट रहा था, तभी मिनीमाता चौक के पास रहने वाले मनोज सिंह और उसके साथियों ने शराब के लिए पैसे मांगे। मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए उसे जमीन पर पटक दिया और हाथ, मुक्का व लात से मारपीट की।
पैसे देने से इनकार पर आरोपियों ने मिलकर किया हमला पुलिस ने गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की
पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 119(1), 351(3), 115(2), 191(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मनोज सिंह को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर उसके साथी लवकुमार यादव, विक्रम सिंह ठाकुर और बजरंग सिंह उर्फ सोनू को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
चार आरोपी गिरफ्तार एक फरार पुलिस की टीम लगातार कर रही तलाश
गिरफ्तार आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस के अनुसार एक अन्य आरोपी अभी फरार है जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। सभी चार आरोपियों को 30 मार्च 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
एसएसपी का सख्त संदेश गुंडागर्दी और अपराध पर नहीं मिलेगी कोई छूट
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि मारपीट, धमकी और अवैध वसूली जैसे अपराधों में शामिल असामाजिक तत्वों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।






