छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ को मेडिकल हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम, रायपुर में कैंसर उपचार केंद्र का भूमिपूजन

Advertisement

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बोले—पैसों की कमी से किसी जरूरतमंद का इलाज नहीं रुकना चाहिए

रायपुर। छत्तीसगढ़ को मध्य भारत के प्रमुख मेडिकल हब के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार पर जोर दे रही है। इसी कड़ी में राजधानी रायपुर में ओमेगा मेडिसिन अस्पताल की नई स्वास्थ्य पहल और कैंसर उपचार केंद्र का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को बेहतर, सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक अभाव किसी भी जरूरतमंद के उपचार में बाधा न बने।

मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रबंधन और ओमेगा ग्रुप की टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के उपचार के लिए आधुनिक सुविधाओं का विस्तार प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देगा।

गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भरता कम करने का प्रयास

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझने वाला मरीज ही नहीं, बल्कि उसका पूरा परिवार कठिन परिस्थितियों से गुजरता है। इलाज के लिए दूसरे राज्यों में जाना पड़े तो आर्थिक बोझ बढ़ने के साथ परिवार को कई व्यावहारिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए प्रदेश के लोगों को बाहर जाने की जरूरत कम से कम पड़े और उन्हें अपने परिवार के बीच रहकर आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।

मुख्यमंत्री के अनुसार, ओमेगा अस्पताल में प्रस्तावित कैंसर उपचार केंद्र इस दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है। यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों और आधुनिक तकनीक की उपलब्धता से छत्तीसगढ़ के साथ आसपास के राज्यों के मरीजों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।

गांवों से लेकर मेडिकल कॉलेजों तक मजबूत हो रही स्वास्थ्य व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में राज्य सरकार स्वस्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए काम कर रही है। सरकार का जोर स्वास्थ्य सुविधाओं को बड़े शहरों तक सीमित रखने के बजाय गांवों, गरीब परिवारों और दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों तक पहुंचाने पर है।

उन्होंने बताया कि प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों तक स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है। जिला अस्पतालों में आईसीयू, डायलिसिस यूनिट, आधुनिक पैथोलॉजी और अन्य जरूरी चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि सामान्य जांच और उपचार के लिए मरीजों को बड़े शहरों की ओर न जाना पड़े।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का विकेंद्रीकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसका उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच चिकित्सा सुविधाओं के अंतर को कम करना और बेहतर उपचार को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

आयुष्मान भारत और मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से मिल रही मदद

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गंभीर बीमारी कई परिवारों के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा कर देती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई आयुष्मान भारत योजना पात्र परिवारों को उपचार में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना के प्रावधानों के तहत पात्र हितग्राहियों को सूचीबद्ध अस्पतालों में उपचार की सुविधा मिलती है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के माध्यम से भी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद परिवारों की मदद कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि आर्थिक तंगी के कारण किसी गरीब का इलाज नहीं रुके और किसी परिवार को उपचार का खर्च जुटाने के लिए अपनी जमीन, घर या गहने बेचने जैसी कठिन परिस्थिति का सामना न करना पड़े।

अबूझमाड़ और दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों तक पहुंचेंगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार केवल रायपुर और दूसरे बड़े शहरों तक सीमित नहीं है। अबूझमाड़ सहित प्रदेश के दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में भी चिकित्सा सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि वनांचलों में स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की जांच और उपचार किया जा रहा है। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के साथ चिकित्सकों, दवाइयों और आवश्यक जांच सुविधाओं की उपलब्धता बढ़ाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ऐसा स्वास्थ्य तंत्र विकसित करना चाहती है, जिसमें बस्तर के सुदूर गांवों से लेकर राजधानी रायपुर तक प्रत्येक नागरिक को जरूरत के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा मिल सके।

नवा रायपुर में 200 एकड़ में विकसित होगी मेडिसिटी और फार्मा पार्क

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख स्वास्थ्य और चिकित्सा निवेश केंद्रों में शामिल करने के लिए नवा रायपुर में लगभग 200 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक मेडिसिटी और फार्मा पार्क विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि इस परियोजना से प्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की नई संभावनाएं खुलेंगी।

राज्य सरकार का कहना है कि आधुनिक अस्पतालों, सुपर स्पेशलिटी सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य अधोसंरचना में निवेश के माध्यम से छत्तीसगढ़ में उपचार की सुविधाओं को मजबूत करने का प्रयास जारी है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button