जशपुर के कुनकुरी में घुसा जंगली हाथी, चर्च और अस्पताल परिसर में मची अफरा-तफरी

महागिरजा घर की बाउंड्री पार कर होली क्रॉस अस्पताल पहुंचा हाथी, दीवार क्षतिग्रस्त; वन विभाग ने लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की दी सलाह
जशपुर। जिले के कुनकुरी शहर में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जंगल से भटककर आया एक लोनर हाथी शहर के बीचोंबीच पहुंच गया। झुंड से अलग हुए इस नर हाथी ने महागिरजा घर और होली क्रॉस अस्पताल परिसर में चहलकदमी की। इस दौरान अस्पताल की बाउंड्रीवॉल भी क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात है कि घटना में अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली है।
प्रार्थना सभा के दौरान चर्च परिसर में पहुंचा हाथी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रविवार सुबह हाथी सबसे पहले महागिरजा घर परिसर में घुसा। उस समय चर्च में प्रार्थना सभा में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। परिसर में विशाल दंतैल हाथी को देखकर लोग घबरा गए और सुरक्षा के लिहाज से प्रार्थना सभागार के अंदर चले गए।
कुछ देर तक चर्च परिसर में घूमने के बाद हाथी पास स्थित होली क्रॉस अस्पताल परिसर में पहुंच गया। यहां उसने बाउंड्रीवॉल को नुकसान पहुंचाया। दिनदहाड़े रिहायशी इलाके और प्रमुख संस्थानों के परिसर में हाथी की मौजूदगी से लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित
चर्च और अस्पताल परिसर में घूमते हाथी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में हाथी की आवाजाही को लेकर चिंता बढ़ गई है।
महागिरजा घर और होली क्रॉस अस्पताल कटनी-गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुनकुरी से जशपुर जाने वाले मार्ग पर स्थित हैं।
वन विभाग की लोगों से अपील
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे हाथी के नजदीक जाकर वीडियो बनाने या तस्वीरें लेने की कोशिश न करें। हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और उसके रास्ते में भीड़ इकट्ठा न करें।
वन्य हाथी अचानक आक्रामक हो सकता है, इसलिए उसके आसपास जाने से बचना जरूरी है। लोगों को सतर्क रहने और हाथी दिखाई देने पर वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी गई है।






