कोलकाता नाइट राइडर्स ने रसेल की जर्सी नंबर 12 रिटायर की

तीन बार की आईपीएल विजेता कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपने स्टार ऑलराउंडर आंद्रे रसेल की जर्सी नंबर-12 को आधिकारिक तौर पर रिटायर कर दिया है। फ्रेंचाइजी ने स्पष्ट किया कि अब टीम में कोई भी खिलाड़ी इस नंबर की जर्सी नहीं पहनेगा। इस ऐलान की घोषणा मंगलवार को एक विशेष कार्यक्रम के दौरान की गई, जिसमें रसेल भी मौजूद थे और सम्मान मिलने पर भावुक नजर आए।
कार्यक्रम में सीईओ वैंकी मैसूर ने किया ऐलान
सीजन से पहले आयोजित इवेंट में वैंकी मैसूर ने स्टेज पर आकर रसेल की जर्सी रिटायर करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि रसेल के योगदान को सम्मान देने के लिए यह निर्णय लिया गया है। इस दौरान रसेल के लंबे समय से चले आ रहे सफर को दर्शाने वाला एक वीडियो भी दिखाया गया, जिसे देखकर वह भावुक हो गए।
टीम के साथ रसेल का लंबा और सफल सफर
आंद्रे रसेल 2014 में टीम की खिताबी जीत का हिस्सा रहे और 2024 में तीसरी ट्रॉफी जीतने वाली टीम में भी शामिल थे। भले ही उन्हें पिछले सीजन में रिटेन नहीं किया गया था, लेकिन उन्होंने टीम के साथ जुड़ाव बनाए रखा और अब सहयोगी स्टाफ का हिस्सा बनकर खिलाड़ियों को तैयार कर रहे हैं।
भावुक हुए रसेल, याद किए अपने सुनहरे पल
कार्यक्रम के दौरान अपने सफर को याद करते हुए रसेल ने कहा कि वीडियो देखने के बाद वह भावुक हो गए। उन्होंने आईपीएल खिताब जीतने को अपने करियर के सबसे खास पलों में से एक बताया और कहा कि टीम के साथ बिताए गए ये साल उनके लिए बेहद यादगार रहे हैं।




