नया रायपुर में निःशुल्क मेगा सर्जिकल कैंप: वेदांता बाल्को मेडिकल सेंटर में 5 से 7 जून तक कीहोल सर्जरी शिविर आयोजित होगा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। नया रायपुर स्थित वेदांता का बाल्को मेडिकल सेंटर (बीएमसी) 5 से 7 जून 2026 तक निःशुल्क मेगा लैप्रोस्कोपिक यानी कीहोल सर्जिकल कैंप आयोजित करने जा रहा है। इस विशेष कैंप में देश के प्रसिद्ध सर्जन डॉ. मुफ्फज़ल लकड़ावाला और उनकी विशेषज्ञ टीम मरीजों का इलाज करेगी। कैंप के दौरान जरूरतमंद मरीजों की आधुनिक तकनीक से मुफ्त सर्जरी की जाएगी।
इन सर्जरी में शरीर पर बड़े कट नहीं लगाए जाते
बीएमसी द्वारा आयोजित इस कैंप में गॉलब्लैडर, अपेंडिक्स, हर्निया, हिस्टेरेक्टॉमी, बैरियाट्रिक सर्जरी और फंडोप्लिकेशन जैसी कई जटिल सर्जरी की जाएंगी। कीहोल तकनीक से होने वाली इन सर्जरी में शरीर पर बड़े कट नहीं लगाने पड़ते, जिससे मरीज जल्दी स्वस्थ होते हैं और अस्पताल में कम समय रुकना पड़ता है।
मरीजों को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध
डॉ. मुफ्फज़ल लकड़ावाला देश और विदेश में लैप्रोस्कोपिक एवं बैरियाट्रिक सर्जरी के लिए प्रसिद्ध हैं। वे अब तक 50 हजार से ज्यादा सफल सर्जरी कर चुके हैं। वे अपनी विशेषज्ञ टीम के साथ बीएमसी के डॉक्टरों के सहयोग से छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएंगे।
कैंप से मिलेगी मरीजों को राहत
बीएमसी की मेडिकल डायरेक्टर डॉ. भावना सिरोही ने कहा कि कई मरीज आर्थिक तंगी या लंबे इंतजार के कारण जरूरी सर्जरी नहीं करवा पाते। ऐसे मरीजों को राहत देने के उद्देश्य से यह कैंप आयोजित किया जा रहा है। वहीं, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. दिवाकर पांडे ने बताया कि अस्पताल की टीम विभिन्न जिलों में मरीजों की पहचान कर उन्हें परामर्श और इलाज की पूरी सुविधा उपलब्ध करा रही है।
निःशुल्क रहेगी कैंप की सुविधा
कैंप में अधिकतम 100 सर्जरी की व्यवस्था की गई है। मरीजों का चयन उनकी स्वास्थ्य स्थिति और जांच के आधार पर किया जाएगा। परामर्श, सर्जरी, अस्पताल में भर्ती, इलाज और फॉलो-अप सहित पूरी सुविधा पूरी तरह निःशुल्क रहेगी। सभी खर्च वेदांता समूह द्वारा उठाए जाएंगे।
इन नंबरों पर मरीज कर सकते हैं संपर्क
पंजीकरण और जानकारी के लिए मरीज 8282823333 या 8282824444 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा बाल्को मेडिकल सेंटर, सेक्टर-36, उपरवारा, नया रायपुर पहुंचकर भी जानकारी ली जा सकती है।





